हरिद्वार, 20 जून। सिक्ख समाज ने कर्णप्रयाग में निहंग सिक्खों के साथ मारपीट और कार्यवाही पर नाराज़गी जताते हुए एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री ज्ञापन प्रेषित किया और पुलिस कार्यवाही पर सवाल खड़े करते हुई निष्पक्ष जांच की मांग की है। श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति के संचालक बाबा पंडत ने कहा कि कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों और सिक्ख निहंग युवकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। प्रकरण में सिक्ख युवकों पर एक तरफा कार्यवाही किए जाने के कारण सिक्ख समाज में भारी रोष व्याप्त है। अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों ने कहा कि कृपाण सिक्ख युवकों ने अपनी सुरक्षा में उठाई। दूसरे पक्ष ने पहले डंडो से वार किया। लेकिन उन पर कोई कार्यवाही नहीं करना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। जल्द ही दूसरे पक्ष पर भी कार्यवाही की जाए। ऐसा नहीं होने पर समाज आंदोलन के लिए मजबूर होगा। ज्ञापन देने वालों में उज्जल सिंह सेठी, हरभजन सिंह बाजवा, जोगिंदर सिंह आदि शामिल रहे।


