तनवीर
हरिद्वार, 9 जुलाई। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि राम मंदिर चढ़ावे में हेराफेरी का कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। चिराग पासवान से विपक्ष राजनीति छोड़ जांच में करने की अपील भी की। हरिद्वार पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद निंदनीय, शर्मनाक और आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
उन्होंने कहा कि जिसने भी रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हुए भ्रष्टाचार किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य सरकार इस मामले में किसी भी दोषी को नहीं बख्शेगी। जांच में छोटा या बड़ा अधिकारी अथवा पदाधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर मिसाल कायम की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी आस्था से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार करने की हिम्मत न कर सके।
चिराग पासवान ने विपक्ष से भी इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़े तथ्य, साक्ष्य या कोई महत्वपूर्ण जानकारी है तो उसे जांच एजेंसी या एसआईटी के सामने रखा जाना चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच में सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े ऐसे मामलों में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की बजाय दोषियों को बेनकाब करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी धर्मस्थल से जुड़े भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


