अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्र्रपुरी बने मंच के मुख्य संयोजक
निरंजनी अखाड़े के साथ शाही स्नान करेगा ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच
-श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 13 जुलाई। एसएमजेएन कालेज में संपन्न हुई विभिन्न ब्राह्मण संगठनों की बैठक में ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का गठन किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी को संयुक्त मंच का मुख्य संयोजक चुना गया है। ब्राह्मण समाज की एकता, सम्मान, संगठन और ब्राह्मण समाज के विरुद्ध होने वाले दुर्भावनापूर्ण एवं द्वेषपूर्ण कृत्यों के संबंध में सामूहिक रणनीति तैयार के उद्देश्य से गठित किए गए संयुक्त मंच में प्रदेश के प्रत्येक ब्राह्मण संगठन से चार-चार संयोजक सदस्य सम्मिलित किए जाएंगे।
जिला, नगर आदि के अनुसार संगठनों से क्षेत्रीय प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। इसके साथ उत्तराखंड की सीमा से लगने वाले अन्य प्रदेशों के ब्राह्मण संगठनों को भी संयुक्त मंच से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डा.रविन्द्रपुरी ने कहा कि संत समाज प्रत्येक समाज उपयोगी कार्य में ब्राह्मण समाज का सहयोग करेगा। ब्राह्मण समाज के उद्देश्यों को प्रमुखता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले में निरंजनी अखाड़े के साथ ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के सदस्य भी शाही स्नान करेंगे। निरंजनी अखाड़े के शाही स्नान में चिरंजीवी भगवान श्री परशुराम की पालकी को शामिल किया जाएगा तथा भगवान परशुराम के प्रतीक विग्रह को हरकी पैडी पर ब्रह्मकुंड में शाही स्नान कराया जाएगा।
श्रीमहंत डा.रविन्द्र पुरी महाराज ने बताया कि आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज, शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप गिरि महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति महाराज, योग एवं इनर पीस फाउंडेशन के स्वामी संतोषानंद गिरी महाराज तथा स्वामी कार्तिक गिरी महाराज को ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का संरक्षक नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार संयुक्त मंच में अन्य संतों को भी संरक्षक के रूप में शामिल किया जाएगा। बैठक में संयुक्त मंच का मुख्य कार्यालय श्री निरंजनी अखाड़ा हरिद्वार में बनाने की सहमति भी श्रीमहंत डा.रविन्द्र पुरी महाराज ने प्रदान की है। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज को ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का मुख्य संरक्षक बनाए जाने और उनके द्वारा सभी धर्म समुदाय के लोगों के साथ कुंभ मेला शाही स्नान करने की घोषणा का संत समाज ने स्वागत किया है।
बैठक में अरूण कुमार शर्मा, पद्म प्रकाश शर्मा, अधीर कौशिक, शिव कुमार शर्मा, डा.अजय वशिष्ठ, अजय उनियाल, रंजन मिश्रा, अनुराग गौड़, आचार्य रमेश सेमवाल, संजय शर्मा, अश्वनी भारद्वाज, बालकृष्ण शास्त्री, डा.बीडी शर्मा, राम प्रसाद उपाध्याय, प्रो.सुनील कुमार बत्तरा, शशिकांत शर्मा, सुधीर शांडिल्य, प्रवीण कुमार, पवन कुमार शर्मा, आचार्य चेतन शर्मा, राजकुमार कौशिक, राजेश शर्मा, राजेश कुमार पंत, ऋषि शर्मा सहित देहरादून, हरिद्वार, रुड़की आदि के ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।


