रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा,
पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल जिले में आज सुबह भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यात्रियों से भरी एक ईको कार रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दुर्घटनाग्रस्त ईको कार में कुल 11 लोग सवार थे। वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से अधिकारी एवं राहत दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतकों और घायलों के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




