कांवड़ियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के बदले निःशुल्क दिए जा रहे कम्पोस्टेबल बैग
हरिद्वार, 31 जुलाई। कांवड़ मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग रोकने के लिए नगर निगम ने नई पहल करते हुए प्लास्टिक एक्सचेंज अभियान शुरू किया है। अभियान के अंतर्गत कांवड़ मार्ग और गंगा घाटों पर कांवड़ियों से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक व पॉलीथीन के बदले उन्हें निःशुल्क कम्पोस्टेबल बैग उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अभियान में जुटी नगर निगम की टीमें कांवड़ियों को कम्पोस्टेबल बैग उपलब्ध कराने के साथ सिंगल यूज़ प्लास्टिक से पर्यावरण पर होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी देकर जागरूक भी कर रही हैं।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि नियमों के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक का व्यक्तिगत उपयोग किए जाने पर भी चालान का प्रावधान है। किन्तु नगर निगम ने कांवड़ मेले के दौरान दंडात्मक कार्रवाई के स्थान पर जनजागरूकता और व्यवहार परिवर्तन को प्राथमिकता देते हुए यह अभिनव पहल शुरू की है। पर्यावरण अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराए जाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों का वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय कारण समझाने पर लोग स्वेच्छा से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित होंगे।
अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स की प्रतिनिधि अलका सिंह तथा नगर निगम के सफाई कर्मचारी शामिल हैं।


