बार एसोसिएशन सभागार में चोरी के आरोपी दबोचे
हरिद्वार, 1 अगस्त। रोशनाबाद स्थित जिला बार एसोसिएशन सभागार में हुई चोरी का खुलासा करते हुए सिडकुल कोतवाली पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान व 28 हजार रूपए की नकदी बरामद की गयी है। 23 जुलाई को जिला बार एसोसिएशन के सचिव विपिनचंद द्विवेदी ने सभागार में लाइब्रेरी के अंदर बने एल्यूमिनियम एवं ग्लास तथा बिजली का सामान चोरी कर लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था।
मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल करते हुए पुलिस ने ज्वालापुर निवासी चार संदिग्धों की पहचान की। जिनमें से एक व्यक्ति फिलहाल जिला कारोबार में निरूद्ध है। पुलिस ने तीन अन्य व्यक्तियों आदिल पुत्र उमर शाद निवासी मोहल्ला घोसीयान ज्वालापुर, गुलफाम पुत्र विव्वा उर्फ हबीब मोहल्ला पावधोई ज्वालापुर जनपद हरिद्वार, आवेश पुत्र रिजवान निवासी मोहल्ला घोसीयान ज्वालापुर को थाने बुलाकर पूछताछ की तो चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया।
पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर बागोवाली ज्वालापुर के पास झाड़ियां के अंदर छिपाए गए बिजली के तार के पैकेट बरामद किए। कुछ तार आरोपियो ंने बेच दिए थे और पैसे आपस में बांट लिए थे। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी अजय शाह, कोर्ट चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र सिंह चौहान, हेडकांस्टेबल सोहन सिंह राणा, कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद शामिल रहे।


