पुलिस ने किया ज्वलैर्स के साथ हुई लूट का खुलासा

Crime
Spread the love


तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया सामान व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
हरिद्वार, 26 अगस्त। ज्वैलर्स के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान व घटना में प्रयुक्त कैंची व मोटरसाईकिल बरामद की गयी है। एसपी सिटी कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि शिवलोक कालोनी निवासी प्रदीप कुमार शर्मा की कनखल में सुनार की दुकान है। 21 अगस्त को प्रदीप कुमार शर्मा दुकान बंद कर कनखल से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान बाइक पर आए तीन बदमाशों शिवलोक कालोनी के पास उनका बैग लूट कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। बैग में सौ ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन, बीएचईएल का मेडिकल कार्ड, ड्राईविंग लाइसेंस आदि सामान था। प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा मुकद्मा दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस और सीआईयू टीम का गठन किया गया। जांच पड़ताल ओर बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर भेल मैटेरियल गेट के पास से बाइक सवार तीन युवकों रितिक उर्फ टोपो पुत्र स्वर्गीय बिनोद चौधरी निवासी ग्राम खंजरपुर थाना मोदीनगर जनपद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, सौरभ पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम टांडा साहूवाला थाना बढ़ापुर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश व राजीव सैनी उर्फ सागर पुत्र अमृत सैनी निवासी ग्राम चांदपुर थाना पथरी हरिद्वार को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कावड़ मेला के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी और दुकान का सामान लेने कनखल जाते थे। कनखल आने जाने के दौरान बुजुर्ग सुनार प्रदीप कुमार को लूटने का प्लान बनाया और उसकी रेकी करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने बताया कि 11 अगस्त को भी इन्होंने ज्वेलर्स का पीछा किया था। लेकिन उस दिन योजना में कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों सुनार का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी पहुंचे और मौका मिलते ही पहले कैंची से बैग का पट्टा काटा और बैग लूट लिया।

प्रदीप कुमार के विरोध करने पर कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद तीनों लूटा गया सामान लेकर राजा गार्डन जगजीतपुर स्थित रितिक उर्फ टोपो के कमरे पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर कमरे पर पहुंचकर तलाशी ली वहां से लूटा गया सामान बरामद कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply