लकसर पुलिस ने किया मुंडाखेड़ा कलां में हुई चोरी की वारदात का खुलासा

Haridwar News
Spread the love


दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों रूपए के सोने चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
गांव के ही पाशा और गादड़ ने साथियों के साथ मिलकर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम

हरिद्वार, 9 सितम्बर। लक्सर कोतवाली अंतर्गत मुंडोखड़ा कला गांव में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रूपए के सोने चांदी के जेवरात और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गयी है। गांव के ही पाशा और गादड़ और अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पाशा और गादड़ को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस उनके साथियों की तलाश में जुट गयी है।

एसएचओ प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि लगभग दस दिन पहले आधी रात को ग्राम मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में घुसे अज्ञात चोर घऱ में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभुषण और नगदी चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़ित नवीन की तहरीर पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को दो संदिग्धों गांव के ही आशीष सैनी उर्फ गादड़ पुत्र सुखबीर सैनी व ललित कुमार उर्फ पाशा पुत्र मुनेश, निवासी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका नवीन के घर आना जाना था। घर में नकदी और सोने चांदी के जेवरात होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनायी और वारदात को अंजाम दिया।

चोरी करने के बाद उन्होने नगदी खर्च कर दी और जेवरात बेचकर उससे मिलने वाली रकम को आपस में बांटने वाले थे। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस टीम में एसएसआई नवीन चौहान, एसआई शहजाद अली, एसआई समीप पांडेय, हेडकांस्टेबल मुकेश कुमार व पंचम प्रकाश, कांस्टेबल संजय कुमार व संदीप रावत शामिल रहे।

Leave a Reply