हरिद्वार, 9 सितम्बर। कांग्रेस पार्षदों ने कुंभ मेला अधिकारी सोनिका सिंह से मुलाकात कर विकास कार्यो को लेकर प्रस्ताव सौंपा। बुधवार को कांग्रेस पार्षदों और पार्षद प्रतिनिधियों के शिष्टमंडल ने सीसीआर पहुंचकर कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात की और शहर की समस्याओं व विकास कार्यों को लेकर प्रस्ताव सौंपा।
शिष्टमंडल ने पूर्व में दिए गए प्रस्तावों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर तत्काल काम शुरू कराने, शहर के विभिन्न वार्डों की आंतरिक सड़कों की मरम्मत और ड्रेनेज सिस्टम को तत्काल दुरुस्त करने, मुख्य चौराहों और प्रमुख मार्गों पर फैंसी पोल लाइट्स लगाने तथा धार्मिक स्थानों पर भव्य वॉल पेंटिंग्स करवाने, श्रद्धालुओं व स्थानीय जनता की सुविधा के लिए वाटर पॉइंट्स, बैठने के लिए बेंच, नए चौराहों का निर्माण तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण, कुंभ मेले के दौरान स्वच्छ पेयजल की निरंतर आपूर्ति और अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है।
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका सिंह ने पूर्व के लंबित प्रस्तावों सहित जनहित से जुड़े सभी व्यावहारिक कार्यों को कुंभ मेले की आगामी कार्ययोजना में प्राथमिकता के आधार पर शामिल कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में पार्षद महावीर वशिष्ठ, विवेक भूषण विक्की, पार्षद प्रतिनिधि मयंक सिंह, हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, अरशद ख्वाजा, सुनील सिंह, पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार, सुमित त्यागी, इदरीश मंसूरी, सनी, नौमान अंसारी, अकरम अंसारी और लाली शामिल रहे।


