हरिद्वार:-धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसपी ट्रैफिक एवं क्राइम निशा यादव ने ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित संपन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में बांटा गया है।
हरकी पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, जेबकतरों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था में जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता, श्वान दल, पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी के जवान भी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सीसीआर में खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है।




