हरिद्वार। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने सोशल मीडिया पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर असलहा कब्जे में लिया है।
दीपावली के अवसर पर सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ। जिसमें एक व्यक्ति अपने हाथ में लिए रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर को वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने के निर्देश दिए।
पुलिस जांच में वायरल वीडियो ग्राम निजामपुर, कोतवाली मंगलौर क्षेत्र निवासी वैभव सैनी पुत्र यशपाल सिंह एवं उसकी पत्नी का होना प्रकाश में आया। पूछताछ के दौरान वैभव सैनी के पिता यशपाल सिंह ने पुष्टि की कि वीडियो में उनका पुत्र लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
शस्त्र लाइसेंस की शर्तों एवं आयुध संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मंगलौर पुलिस ने वैभव सैनी के विरुद्ध आयुध अधिनियम, 1959 के तहत मुकदमा दर्द किया है। साथ ही संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन को स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों अथवा किसी भी उत्सव के अवसर पर असलहों से हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। इस प्रकार के कृत्यों को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो प्रसारित करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




