एसपी जीआरपी अरूणा भारती ने किया वॉकथॉन का शुभारंभ
हरिद्वार, 22 नवम्बर। महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन, महिला सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागृति विमेन्स कॉन्फ्रेंस सोसायटी द्वारा पैन इंडिया साइलेंट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस नई दिल्ली के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित विशेष वॉकथॉन में केयर कालेज, डिवाइन कालेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों, संस्था के सदस्यों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों सहित 210 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथी एसपी जीआरपी अरूणा भारतीय ने शंकर आश्रम चौक स्थित श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में फ्लैगऑफ कर वॉकथॉन का शुभारंभ किया। वॉकथॉन आर्यनगर चौक होते हुए वापस महाविद्यालय पहंुचकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर अरुणा भारती ने कहा कि लड़कियों और महिलाओं को सबसे पहले स्वयं को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना होगा। हमें घर से बाहर निकलते समय यह संकल्प लेना चाहिए कि न तो हम किसी को प्रताड़ित करेंगे और न ही स्वयं किसी के अत्याचार को सहन करेंगे। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों को पुलिस हेल्पलाइन एवं वूमेन सेफ्टी ऐप की जानकारी रखने की सलाह दी।
साथ ही उन्होंने कहा कि सीरियल और मोबाइल फोन पर अनावश्यक समय व्यर्थ करने के बजाय अपनी सुरक्षा, जागरूकता और आत्मविकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पहले हम स्वयं सुधरेंगे, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। संस्था की पैट्रन मंजुला भगत ने ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस की समृद्ध विरासत और उसकी गौरवशाली परंपरा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में संस्था की भूमिका को रेखांकित किया। हाईकोर्ट के अधिवक्ता ललित मिगलानी ने कहा कि आज समाज की तस्वीर बदल रही है।
जहां महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न गंभीर विषय हैं, वहीं आज पुरुष भी प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। इसलिए समाज को इस पहलू पर भी संवेदनशीलता और संतुलित दृष्टिकोण के साथ विचार करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डा.आशिमा श्रवण ने किया। संस्था की सचिव डा.करुणा शर्मा ने सहयोग के लिए सभी अतिथियों, संस्थानों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान एसपी जीआरपी अरुणा भारती, डा.प्रीत शिखा वर्मा, अधिवक्ता ललित मिगलानी, पैट्रन मंजुला भगत, अलका शर्मा, नीरू जैन, डा.करुणा शर्मा, मोनिका गर्ग, केयर कालेज यूथ विंग के कोऑर्डिनेटर डा.कपिल राणा, डिवाइन कालेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज की यूथ विंग कोऑर्डिनेटर डा.भावना, यूथ विंग के सदस्य, छात्र, डा.मुकेश गुप्ता, डा.दीपा अग्रवाल, डा.रजनी सिंघल, डा.कल्पना चौधरी, नित्या चौधरी, डा.पल्लवी राणा, डा.कामना जोशी, मनोज कुमार, संध्या, ज्योति, यशवी, श्रेया, निधि हंडा, निधि शर्मा, शिखा ध्यानी, अन्नपूर्णा बंदूनी, ज्योत्सना मेहरोत्रा, सरिता कलानी, नीलम नसवा, टीना घई, हिमानी, मिलन सैनी, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




