कमल खडका
हरिद्वार 11 दिसंबर। अतिक्रमण के नाम पर लघु व्यापारियों को रोजगार से वंचित किए जाने से नाराज टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों ने लघु व्यापार एसो. के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अगुवाई में अपर मेला अधिकारी हरवीर सिंह व नगर आयुक्त जय भारत सिंह से मुलाकात कर नगर निगम क्षेत्र व कुंभ मेला क्षेत्र से लघु व्यापारियों को उनके कारोबारी स्थान से हटाए जाने का विरोध करते हुए हटाए जा रहे लघु व्यापारियों को प्रथम चरण में बनाए जा रहे तीन स्मार्ट वेंडिंग जोन में विस्थापित किए जाने की मांग की।
मुलाकात के दौरान अपर मेला अधिकारी हरवीर सिंह ने कहा कि यदि कुंभ मेले से पहले नगर निगम द्वारा लघु व्यापारियों को व्यवस्थित किया जाता है, तो हमें किसी प्रकार की कोई आपत्ति नहीं है। नगर निगम प्रशासन को समस्त टाउन क्षेत्र में लघु व्यापारियों को योजनाबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन में विस्थापित करने की कार्रवाई को तेज करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा यदि नगर निगम प्रशासन स्मार्ट वेंडिंग जोन में विकास प्राधिकरण से कोई सौन्दर्यकरण कार्य कराना चाहता है तो वह प्रस्ताव दें। प्रस्ताव पर विचार कर कार्रवाई की जाएगी। टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों को आश्वासन देते हुए नगर आयुक्त जय भारत सिंह ने कहा नगर निगम प्रशासन की निगरानी में बनाए जा रहे वेंडिंग जोन का तकनीकी प्रशिक्षण कराकर राज्य सरकार के निर्देशन में वेंडिंग जोन बनाए जाने का कार्य शीघ्र संपन्न कराया जाएगा।
लघु व्यापार एसो. के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि सितंबर में हुई फेरी समिति की बैठक के निर्णय के अनुसार नई दिल्ली किरण सॉफ्टवेयर साॅल्यूशन कंपनी को तीन स्मार्ट वेंडिंग जोन में स्थापन व सौन्दर्यकरण व हाईटेक शौचालय, पेयजल, कूड़ादान, पथ प्रकाश इत्यादि मूलभूत सुविधाओं के साथ लघु व्यापारियों को व्यवस्थित किए जाने व स्थापन की कार्रवाई के लिए वर्क आर्डर दिया जा चुका है। इसी के तहत नगर निगम में पंजीकृत लघु व्यापारियों को बुकिंग सिस्टम के साथ नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रमाण पत्र व परिचय पत्र वितरित किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर योजना, राज्य नगरीय फेरी नीति नियमावली के नियमानुसार प्रथम चरण में लगभग 400 से 500 रेडी पटरी के (स्ट्रीट वेंडर्स) लघु व्यापारियो को वेंडिंग जोन के रूप में स्थापित किए जाने का वह स्वागत करते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने कहा रेडी पटरी के लघु व्यापारियों को उनके मौलिक अधिकारों की पूर्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में रोजगार के संसाधनों के साथ आत्मनिर्भर बनाए जाने के लिए चलाए जा रही योजनाओं को और तेजी के साथ क्रियान्वयन किया जाना न्यायपूर्ण होगा। इस अवसर पर लघु व्यापार एसोसिएशन के नगर संयोजक राजेंद्र पाल, सुमन गुप्ता, आशा देवी कश्यप, विमल कुमार वाष्र्णेय, मनोज कुमार मंडल, फूल सिंह, सुनील कुकरेती, जय सिंह बिष्ट आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।


