अमरीश
हरिद्वार, 11 अप्रैल। महंगाई व निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ देवभूमि भैरव सेना संगठन के कार्यकर्ताओं ने शहर महामंत्री संजय महरा के संयोजन में चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संजय महरा ने निजी स्कूलों की मनमानी के चलते अभिभावकों को भारी आर्थिक व मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। एडमिशन फीस, डोनेशन, निर्धारित दुकान से ही किताबें खरीदने, भवन फीस आदि के नाम निजी स्कूल अभिभावकों का जमकर शोषण कर रहे हैं। शिकायत किए जाने के बाद भी शिक्षा विभाग कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है।
जिससे निजी स्कूलों की मनमानी बढ़ती जा रही है। देवभूमि भैरव सेना संगठन के जिला अध्यक्ष चरणजीत पाहवा ने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है। रसोई गैस सिलेंडर सहित तमाम खाद्य पदार्थो के दाम दोगुने से भी अधिक हो गए हैं। बिजली, पानी की दरें भी सरकार ने बढ़ा दी है। जिससे गरीब व मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। उस पर निजी स्कूलों की मनमानी के चलते गरीबों के सामने बच्चों को पढ़ाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार महंगाई को नियंत्रित करने के साथ निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाएं। मनमानी करने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द की जाए।
पाहवा ने कहा कि देश की जनता ने पूर्ण बहुमत से भाजपा को सत्ता सौंपी है। पूर्ण बहुमत की सरकार का लाभ जनता को मिलना चाहिए। जनता की समस्याएं दूर होनी चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में कार्यकारी जिला अध्यक्ष विक्की चौहान, शहर अध्यक्ष बक्शी चौहान, जिला उपाध्यक्ष सौरभ चौहान, जिला उपाध्यक्ष मोहित सैनी, शहर मंत्री अनिल सैनी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष लव चौहान, मीडिया प्रभारी राजकुमार व समकित जैन, मुकेश गुप्ता, मुकेश जैन, पारस चौहान, सुनील चौहान, सागर चौहान, विशाल प्रजापति, विजेंद्र पवार, तहसील अध्यक्ष विशाल कुमार, लक्सर नगर अध्यक्ष विष्णु कश्यप, लक्सर मीडिया प्रभारी अश्विनी कुमार, सनी कश्यप, हर्ष कश्यप, अमन कुमार, हिमांशु चौधरी, लवी गर्ग, सागर कुमार, कन्हैया कश्यप आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।


