कमल खडका
हरिद्वार, 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं ने प्रेमनगर घाट पर अध्यक्ष मोहित नवानी के नेतृत्व में हाथरस में बलात्कार व हत्या का शिकार हुई मृतका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोषियों को तत्काल फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतका की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और मांग की कि मृतका व उसके परिवार को न्याय तथा पर्याप्त मुआवजा तथा दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दु महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित नवानी ने कहा कि हाथरस में बर्बरता पूर्वक एक बेटी के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गयी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए केन्द्र सरकार सख्त से सख्त कानून बनाए। ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। हाथरस की घटना के दोषियों को जल्द से जल्द फांसी पर लटकाया जाए। जिससे अपराधियों में कानून के प्रति डर पैदा हो और बेटियां आजादी से अपना जीवन जी सकें। महिला मोर्चा अध्यक्ष सोनम वशिष्ठ ने कहा कि देश में महिलाओं के साथ रेप और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महिलाओं के प्रति अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है।
समाज को इस विषय में स्वयं जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार को हाथरस की घटना पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देनी चाहिए। ताकि फिर किसी बेटी के साथ ऐसी घटना ना हो। इस दौरान दाता राम चैहान, राकेश पाहवा, वंदना गुप्ता, राजीव तुंबड़िया, अनिल शर्मा, आशु तुंबड़िया, चंदन शर्मा, अनिल सिंह, नयन तनेजा, लोकेश कुमार, योगेश शर्मा, सागर वशिष्ठ, अमित कुमार, अर्चना बर्मा, पूजा निषाद, अनमोल बिरला , अशोक चैहान, सोनू कुमार आदि शामिल रहे।