हरिद्वार, 23 जनवरी। अयोध्या में राम मंदिर में श्रीराम लला के विराजमान होने के अवसर पर धर्मनगरी में चारों और उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। भव्य दिव्य अलौकिक जगमगाई हर की पौड़ी अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा की मंगल बेला पर हर की पौड़ी को दीयो से सजाकर दिव्य दीपावली मनाई गई। हर की पैड़ी की जगमग रोशनी को देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ गंगा भक्तों ने अलौकिक दर्शन किए।
तमाम चौक चौराहों पर आतिशबाजी की गयी। जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया। भगवान राम की पूजा अर्चना कर आरती उतारी गयी। भव्य रूप से सजाए गए आश्रम, मठ, मंदिरों में विशेष आयोजन किए गए। कई स्थानों पर शोभायात्रा निकाली गयी। जयश्री राम के नारे के साथ लोगों ने एक दूसरे का अभिवादन किया। सड़कों पर बाइकों पर सवाल उत्साहित युवा जयश्री राम के नारे लगाते घूमते रहे। पूरे दिन पर्व जैसा वातावरण रहा। धार्मिक स्थलों के अलावा निजी प्रतिष्ठानों पर भी सजावट की गयी और प्रसाद वितरित किया गया।
हरिद्वार के प्रमुख धार्मिक स्थल हरकी पैड़ी और आसपास के बाजारों को भव्य रूप से सजाया गया और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। ज्वालापुर, मध्य हरिद्वार, भेल, रानीपुर, उत्तरी हरिद्वार, कनखल तक पूरी धर्मनगरी में हर और जयश्री राम के नारों की गूंज रही।