तनवीर
भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है जनता-नवीन कौशिक
हरिद्वार, 25 अक्टूबर। आम आदमी पार्टी के रानीपुर विधानसभा प्रभारी प्रशांत राय ने जिला कार्यकारिणी में मनोनीत पदाधिकारियों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए प्रशांत राय ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान जनता पार्टी संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के विकास माॅडल से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी से जुड़ रही है।
सभी नवनियुक्त पदाधिकारी पार्टी की नीतियों का प्रचार करें और भाजपा व कांग्रेस की नाकामियों से जनता को अवगत कराएं। बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करें। विधानसभा चुनाव के बाद आप की सरकार बनने पर शिक्षा, चिकित्सा जैसी सुविधाओं को सुलभ व सस्ता बनाया जाएगा। जनता को सभी मूलभूत सुविधाए उपलब्ध करायी जाएंगी। जिला प्रवक्ता सचिन बेदी व उपाध्यक्ष नवीन कौशिक ने कहा कि रोजगार देने में नाकाम रही भाजपा सरकार की नीतियों से युवा वर्ग हताश व निराश हैं।
बढ़ती महंगाई के चलते गरीब, मजदूर वर्ग के लिए परिवार का भरण पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। सरकार आम जनता को राहत देने के बजाए पूंजीपतियों के हित पूरे करने में लगी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर लोग लगातार साथ आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव में आप की जीत निश्चित है। इस अवसर पर हिमांशु पुंडीर, रणधीर सिंह, रघुवीर सिंह पवार, प्रवीण सिंह आदि सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।