युवाओं पर लाठीचार्ज के विरोध में आप ने प्रदर्शन कर फूंका पुतला

Haridwar News
Spread the love

अमरीश


हरिद्वार, 10 फरवरी। यूके एसएससी समेत तमाम भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे युवाओं पर देहरादून में हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन कर पुतला फूंका। इस अवसर पर पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग अपने को उपेक्षित और शोषित महसूस कर रहा है। युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। यूके एसएससी, पटवारी भर्ती, पुलिस भर्ती सहित तमाम भर्ती परीक्षाओं में घोटाले सामने आ रहे हैं।

भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर देहरादून में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे राज्य के हजारों बेरोजगार युवाओं पर पुलिस के लाठीचार्ज में कई छात्र-छात्राएं को गंभीर चोटें आई हैं। भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान का खुला उल्लंघन कर मनमानी पर उतर आई है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हेमा भंडारी ने कहा पूरा प्रदेश भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। रोजगार मांगने पर लाठी और भ्रष्टाचार करने पर पदोन्नति होती है। प्रदेश का युवा अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। आम आदमी पार्टी युवाओं के साथ है। हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अनिल सती ने कहा कि प्रदेश का युवा अपना घर छोड़कर रोजगार की तलाश में शहर आता है और पेपर की तैयारी करता है। लेकिन परीक्षा से पहले ही पेपर लिक हो जाता है

युवा दूसरे पेपर की तैयारी करता है तो वह भी लिक हो जाता है। सालों साल की मेहनत के बाद भी युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। शिक्षा माफियाओं के चलते युवाओं की उम्र निकल रही है। सरकार निष्पक्ष व नकल विहीन परीक्षा कराने में विफल साबित हो रही है। सरकारी एजेंसियों में भी भ्रष्टाचार चरम पर है। जिसके चलते प्रदेश का लाखों बेरोजगार युवा आज सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा माफियाओं को चिन्हित कर उनकी संपत्ति कुर्क करे और भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच कराएं। परीक्षाएं निष्पक्ष और नकल विहीन संपन्न कराने की जिम्मेदारी लेते हुए बेरोजगार युवाओं के साथ इंसाफ करे।

प्रदर्शन करने वालों में अनिल सती, हेमा भंडारी, पवन धीमान, धीरज पीटर, संजू नारंग, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राकेश लोहाट, जिला मीडिया प्रभारी एडवोकेट सचिन बेदी, राकेश यादव, गीता देवी, देवेंद्र सिंह, मानिक गिरी, आशीष गौड़, शाहीन अशरफ, मयंक गुप्ता, विशाल सैनी, शुभम सैनी, यशपाल सिंह चैहान, पवन कुमार धीमान, अर्जुन सिंह आदि सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *