कमल खडका
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का तीन दिवसीय हरिद्वार दौरा आज से शुरू
हरिद्वार, अक्टूबर। प्रदेश में संगठनक को विस्तार देने में जुटी आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर रविवार से जनपद के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। प्रदेश के अध्यक्ष के दौरे को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। प्रवक्ता हेमा भण्डारी ने बताया कि पार्टी ने प्रदेश को 6 जोन में बांटा है। जिसमे हरिद्वार जोन में 12 विधानसभा हैं।
रविवार से तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर जिले भर के कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श कर संगठन को विस्तार देने की रणनीति पर चर्चा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष एक दिन में 4 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यक्रमो में प्रतिभाग करेंगे। 11 अक्टूबर को हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान और पूजन कर वे दौरे की शुरूआत करेंगे। इसके बाद हरिद्वार ग्रामीण, कलियर, खानपुर व मंगलौर में कार्यकर्ताआं की बैठक लेंगे। 12 को ऋषिकेश, हरिद्वार शहर, रानीपुर और लक्सर में बैठक करने के बाद शाम को हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में प्रतिभाग करेंगे।
13 अक्टूबर को ज्वालापुर, भगवानपुर, झबरेड़ा और रुड़की विधानसभा के कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श करेंगे। हेमा भंडारी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। दौरे को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सेक्टर वाइज जिम्मेदारी दी गयी है। इस दौरान महक सिंह सैनी, हरेन्द्र त्यागी, नवीन मार्या आदि मौजूद रहे।




