साथियों सहित दिया था वारदात को अंजाम, पांच हजार का इनाम था घोषित
हरिद्वार, 6 अक्टूबर। तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट मामले के आरोपी पांच हजार के इनामी को थाना सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पकड़ा गया आरोपी रायपुर देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास मामले में भी शामिल था। घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एक अन्य फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। आरोपियों ने 24 सितम्बर दोपहर को रानीपुर रो नदी के पास तमंचे के बल पर आन्नेकी हेत्तमपुर निवासी पंकज कुमार से उसकी बाइक व मोबाइल फोन लूट लिया था। पंकज कुमार की तहरीर पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों दीपक व आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया था।
फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों पर एसएसपी ने पांच हजार रूपए का इनाम घोषित किया था। फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने वारदात में शामिल तीसरे आरोपी सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की पुत्र अनिल कुमार झड़ियाल निवासी शिवरतन सिटी नवोदय नगर को औरंगाबाद तिराहे से नदी पर श्मशान घाट की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट, एसआई इंद्रजीत राणा, एसआई अनिल बिष्ट, हेडकांस्टेबल संजय व कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।




