अखाड़े की खाली जमीन पर फेंके जा रहे कचरे से संत परेशान

Politics
Spread the love

गौरव रसिक


कचरा जल्द उठवाए नगर निगम प्रशासन-स्वामी उदय भारती
हरिद्वार, 20 दिसम्बर। जगजीतपुर क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग खाली प्लाटों में कूड़ा डाल रहे हैं। जिससे प्लाट स्वामियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़ा डालने से रोकने पर रोजाना विवाद भी हो रहे हैं। जगजीतपुर स्थित निरंजनी अखाड़े की खाली भूमि पर आसपास के लोगों के कचरा डालने से अखाड़े में रहने वाले संतों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

कचरा डालने से मना करने पर संतों को कई बार विवाद का सामना भी करना पड़ा है। स्वामी उदय भारती ने बताया कि अखाड़े के खाली प्लाट में आसपास के लोग घरों से निकला कचरा व गोबर आदि डाल रहे हैं। जिससे प्लाट में कचरे का ढेर लग गया है। मना करने पर लोग विवाद पर उतर आते हैं। लोगों को कूड़ा फेंकने से रोकने के लिए प्लाट के चारों तरफ दीवार भी करवायी गयी। इसके बावजूद लोग कूड़ा फेंक रहे हैं। स्वामी उदय भारती ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने के साथ क्षेत्रीय पार्षद को भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करायी।

लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। नगर निगम के अधिकारी निजी संपत्ति बताते हुए शुल्क अदा करने पर कचरा उठवाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि प्लाट में अखाड़े के पशुओं के लिए बोये गए चारे की फसल भी खराब हो रही है। इस संबंध में वे एक बार फिर मुख्य नगर आयुक्त से मिलकर शिकायत दर्ज कराएंगे। नगर निगम अधिकारियों को इसका संज्ञान लेकर कचरे को उठवाना चाहिए। साथ ही कचरा फेकने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *