विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी होगा यूकेडी का प्रमुख मुद्दा-काशी सिंह ऐरी

Haridwar News
Spread the love

अमरीश


हरिद्वार, 20 सितंबर। विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी उत्तराखण्ड क्रांति दल का प्रमुख मृद्दा होगा। प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता के दौरान दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलाना यूकेडी की पहली प्राथमिकता है। विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी उत्तराखण्ड दल का प्रमुख मुद्दा रहेगा। काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उत्तराखण्ड में बेरोजगारी भयानक रूप ले रही है। सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम रही है।

लॉकडाउन के दौरान उत्तराखण्ड वापस लौटे युवाओं के लिए भी सरकार ने कुछ नही किया। राज्य के युवा खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा व चिकित्सा की स्थिति भी बेहद खराब है। रोजगार नहीं मिलने व गांवों में शिक्षा व चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली के चलते लोग मैदानों में या दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड क्रांतिदल की सरकार बनने पर राज्य के सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था को उन्नत बनाया जाएगा। युवाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिससे पलायन पर रोक लगेगी। ऐरी ने कहा कि राज्य के जल, जंगल, जमीन जैसे प्राकृतिक संसाधनों पर यहां की जनता का पहला अधिकार हैं। कई दल दौ सौ, तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त देने की बात कर रहे हैं। यूकेडी सरकार बनने पर बिजली दरों को तर्कसंगत बनाया जाएगा। राज्य में सख्त भू कानून लागू किया जाएगा। फसलों के मूल्य निर्धारण सहकारिता प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के अलग राज्य बनने के बीस वर्ष बाद भी राज्य की एक लाख करोड़ रूपए से अधिक की परिसंपत्तियां यूपी के नियंत्रण में हैं। डबल इंजन सरकार का दावा करने वाली भाजपा को इसका जवाब जनता को देना होगा।

दल के संरक्षक मंडल के सदस्य नारायण सिंह जंतवाल ने पंतनगर कृषि विवि को केंद्रीय विवि बनाए जाने का विरोध करते हुए कहा कि हरित क्रांति में महत्तवपूर्ण भूमिका निभाने वाला पंतनगर कृषि विवि उत्तराखण्ड का गौरव है। सरकार को इसका नाम बदलने के बजाए नया केंद्रीय विवि स्थापित करना चाहिए। जिला अध्यक्ष बलसिंह सैनी व सलाहकार समिति के सदस्य रविन्द्र वशिष्ठ ने कहा कि जनता भाजपा व कांग्रेस की नीतियों को अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों व विधानसभा चुनाव में यूकेडी प्रत्याशियों को मजबूती से चुनाव लड़ाया जाएगा।

प्रैसवार्ता के दौरान सतीश कापड़ी, सरिता पुरोहित, जिला अध्यक्ष बलसिंह सैनी, बृजवीर चौधरी, रविन्द्र वशिष्ठ, प्रियंका शर्मा, ललित बिष्ट, किशन मेहता आदि सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *