पार्षद अहसान अंसारी ने की नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 1 अक्टूबर। वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर के पार्षद अहसान अंसारी ने मेयर किरण जैसल को पत्र देकर नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्र में पार्षद अहसान अंसारी ने नगर निगम के विभिन्न विभागों में जनहित के कार्यों के लिए पहुंचने वाले पार्षदों के साथ उचित शिष्टाचार और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि कई बार पार्षदों के बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं होती, जिससे जनप्रतिनिधियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।

हाउस टैक्स विभाग में एक ही लिपिक की तैनाती से आमजन को हो रही परेशानी से अवगत कराते हुए अहसान असांरी ने कहा है कि हाउस टैक्स विभाग में ज्वालापुर और हरिद्वार जैसे बड़े क्षेत्रों की जिम्मेदारी एक ही लिपिक को दिए जाने से कार्य प्रभावित हो रहा है। कर सबंधी कार्यो के समयबद्ध निस्तारण के लिए पूर्व की व्यवस्था के अनुसार दोनों क्षेत्रों के लिए अलग-अलग लिपिक नियुक्त किए जाएं।

उन्होंने सैनिटेशन सेल में कार्यरत सफाई निरीक्षक संजय शर्मा से सफाई एवं जनसमस्याओं के संबंध में दूरभाष पर संपर्क करने के बावजूद कई बार जवाब नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों-कर्मचारियों से समय पर संपर्क नहीं होने के कारण क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान में कठिनाई होती है।

Leave a Reply