पॉलिटेक्निक कालेज सिडकुल में किया उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 22 सितम्बर। जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में पॉलिटेक्निक कालेज सिडकुल में विद्यार्थियों को स्वरोजगार, उद्यमिता एवं व्यवसाय स्थापना के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फार्मेसी, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल ट्रेड के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक चन्द्रमोहन, सहायक प्रबंधक दिनेशचन्द्र आर्य, पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक रचित तथा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के योगेंद्र चौहान ने छात्र-छात्राओं को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं, उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, व्यवसाय के चयन, परियोजना प्रस्ताव तैयार करने, बैंक ऋण, आवश्यक औपचारिकताओं तथा शासकीय योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं अनुदान, सब्सिडी आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए अपनी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप स्वयं का उद्यम स्थापित करने तथा रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।

पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि ने बैंकिंग व्यवस्था, ऋण प्रक्रिया, वित्तीय अनुशासन, ऋण प्रबंधन एवं उद्यम स्थापना में बैंक की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की और बताया कि किसी भी उद्यम की सफलता के लिए व्यवसाय की व्यवहार्यता, उचित वित्तीय नियोजन एवं बैंकिंग प्रक्रिया की समझ आवश्यक है।

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत उत्पादों को बाजारोन्मुख बनाने के लिए ब्रांडिंग, पैकेजिंग, उत्पाद प्रस्तुतीकरण, प्रचार-प्रसार तथा डिजिटल एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विपणन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी शिक्षा एवं कौशल केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं का उद्यम स्थापित कर अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का भी सशक्त माध्यम है।

Leave a Reply