अमरीश
हरिद्वार, 31 मार्च। लाॅकडाउन के चलते पूरे देश में नवरात्र सहित तमाम पर्व लोग घरों में ही मना रहे हैं। बिहार व पूर्वांचल के लोगों का मुख्य पर्व छठ पूजा भी श्रद्धालु घरों में ही मना रहे हैं। बिहार महासभा के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि बिहार व पूर्वांचल के लोगों द्वारा प्रमुखता से मनाया जाने वाला छठ पर्व वर्ष में दो बार कार्तिक व चैत्र मास में मनाया जाता है। लाॅकडाउन के चलते कई दिनों तक चलने वाले इस पर्व को घरों में ही मनाया जा रहा है। श्रद्धालु अपने घरों की छत पर छठ व्रत का पूजन कर रहे हैं। 4 दिन के चलने वाले इस पर्व की शुरूआत नहाए खाए से होती है। इसके बाद लोहंडा, डूबते हुए सूर्य को जल देना और अगले दिन प्रातः सूर्योदय के उपरांत जल देकर व्रत को पूर्ण किया जाता है।
लाॅकडाउन के चलते घर में ही रहकर व्रत को पूर्ण किया जा रहा है। व्रत के दौरान श्रद्धालु परिवार के लिए मंगल कामना करने के साथ कोरोना वायरस से देश को बचाने की प्रार्थना भी कर रहे हैं। अजीत कुमार ने कहा कि सूर्य देव व मां गंगा की कृपा से कोरोना वायरस के प्रकोप से देश दुनिया को जल्द राहत मिलेगी। उन्होंने सभी से लाॅकडाउन के नियमों का पालन करने व घरों मे ही रहने की अपील भी की। इस अवसर पर अजीत कुमार, पवन सिंह, प्रदीप सिंह, संतोष पांडे, संजीव पांडे, अजय पांडे, कंचन देवी, सोना देवी, चुनचुन देवी, चंचल देवी, मनी देवी, सियादेवी, रेखा देवी, पुष्पा देवी, रेनू देवी, मनोरमा देवी, मीना देवी आदि मौजूद रहे।