जरूरतमंदों की मदद का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा-सतपाल ब्रह्मचारी

Haridwar News
Spread the love

राकेश वालिया

हरिद्वार, 25 मई। राधा कृष्ण धाम बना जरूरतमंदों का सहारा। लगातार लाॅकडाउन के कारण उपजी परेशानियों को हल करने के लिए पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी जरूरतमंदों को भोजन व खाद्य सामग्री वितरित कर रहे हैं। सोमवार को बैरागी कैंप क्षेत्र के जरूरतमंदों के लिए आटे के पैकेट भेजे गए। बंद के कारण गरीब, मजदूर, बेसहारों का सहारा बना हुआ है राधा कृष्ण धाम, रोजाना सैकड़ों गरीब असहाय निर्धन परिवारों को भोजन भी रसोई के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। जबकि धर्मनगरी में अधिकांश भोजन व खाद्य सामग्री वितरित कर रही संस्थाएं वितरण पर विराम लगा चुकी हैं।

पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि समान रूप से सभी जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यात्री बाहुल्य क्षेत्र की जनता के लिए राधा कृष्ण धाम में रसोई संचालित है। रोजमर्रा भोजन नाश्ता जरूरतमंदों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने राज्यों की ओर से लौटने वाले प्रवासियों को भी मदद पहुंचाने का काम किया जा रहा है। विभिन्न ट्रस्टों के माध्यम से यह सेवा निरंतर जारी रहेगी। किसी को भी भूखा नहीं सोने दिया जाएगा। सतपाल ब्रह्मचारी महाराज ने राज्य व केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि जो लोग बाहरी राज्यों में फंसे हुए हैं।

उन लोगों की सुध लेनी चाहिए। उनके राज्यों की और रवाना करने के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। बाहरी राज्यों के लोग अपने घरों की ओर से लौटना चाहते हैं। ऐसे में सरकार का कर्तव्य बनता है कि ऐसे लोगों को सकुशल घर वापसी का रास्ता सुनिश्चित किया जाना चाहिए। म.म.स्वामी हरिचेतनानन्द महाराज ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं को कुछ और धैर्य रखने की आवश्यकता है।

अभी संकट टला नहीं है। सामाजिक सेवाएं निरंतर जारी रहनी चाहिए। किसी भी बाहरी व्यक्ति को परेशानी का सामना ना करना पड़े। राधा कृष्ण धाम जरूरतमंदों की सेवाओं में निरंतर जुटा हुआ है। हम चाहते हैं कि लाॅकडाउन के कारण हुई परेशानियों को परस्पर सहयोग से ही हल कर सकें। शासन प्रशासन को भी जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखना चाहिए। इस दौरान थानेश्वर शर्मा, करण राणा, आकाश भाटी, नितिन यादव, समाजसेवी अतुल शर्मा, पार्षद महावीर वशिष्ठ आदि मौजूद रहे। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *