राशन वितरण में भेदभावपूर्ण नीति अपना रहे भाजपा जनप्रतिनिधि-दीपक टण्डन

Politics
Spread the love

अमरीश

हरिद्वार, 4 मई। कांग्रेस शहर महासचिव दीपक टण्डन ने आरोप लगाया है कि जिला अधिकारी द्वारा प्रशासन के माध्यम से जरूरतमंदों को राशन वितरित किए जाने के आदेशों के बावजूद भाजपा पार्षदों व कार्यकर्ताओं द्वारा राशन वितरित किया जा रहा है। वार्डो में राशन वितरित किए जाने में भाजपा के जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता भेदभावपूर्ण नीति अपना रहे हैं। लगातार राशन वितरित किए जाने में नोंकझोंक की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इस दौरान भाजपा जनप्रतिनिधि राशन वितरित करने के दौरान प्रधानमंत्री के सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के आदेशों तक की अवेहलना कर रहे हैं। भीड़ लगाकर राशन वितरित किया जा रहा है।

राशन वितरण जैसे कार्य को भी चुनाव प्रचार करने जैसे ढंग से किया जा रहा है। राशन के साथ लोगों को पम्पलेट देकर भाजपा का प्रचार भी किया जा रहा है। इस संकटकालीन समय में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता औछी राजनीति कर रहे हैं। आपदा के समय भी जनता के साथ भेदभाव पूर्ण नीति अपनायी जा रही है। दीपक टण्डन ने कहा कि गोविन्दपुरी, अंबेडकरनगर में राशन बांटने के दौरान भेदभाव नीति अपनाए जाने की वजह से जनता अपना गुस्सा भी जनप्रतिनिधियों पर निकाल रही है।

अंबेडकर नगर में सड़ा गला राशन देना लोगों के स्वास्थ्य खिलवाड़ करने जैसा है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन भी दबाव में आकर बिना जांच पड़ताल के ही मुकद्मे दर्ज कर रहा है। दीपक टण्डन ने कहा कि जो पार्षद निर्दलीय व कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए उन कारणों से ही वार्ड की जनता अपना गुस्सा भी दर्ज करा रही है। भाजपा को इस औछी राजनीति का खामियाजा भुगतना होगा। लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का भी भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मखौल उड़ा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन को राशन वितरण का कार्य अपने हाथ में लेना चाहिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *