जरूरतमंदों को राशन वितरित कर मदद करने में जुटी अपने लोग

Haridwar News
Spread the love

कमल खड़का

निस्वार्थ सेवाभाव से सभी को संकट की इस घड़ी में सहयोग करना चाहिए-राजीव शर्मा गौड़

हरिद्वार, 4 मई। सामाजिक संस्था अपने लोग द्वारा ब्रह्मपुरी, हरकी पौड़ी, भीमगोडा और भूपतवाला आदि क्षेत्रों में जरूरतमन्द परिवारों को कच्चा राशन वितरित किया गया। संस्थापक अध्यक्ष राजीव शर्मा गौड़ ने कहा हमारा फर्ज है सेवा, संकल्प, सहयोग और जनसेवा। इसी भावना के साथ हमने मानव सेवा का संकल्प लिया है। क्योंकि मानव सेवा ही सच्ची सेवा है।

इस आपातकालीन व विषम परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे भूखे एवं जरूरतमंदों की भूख मिटाना संस्था का प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि लाॅकडाउन में सामाजिक संस्था ’अपने लोग’ अति जरूरतमंद लोगों को कच्चा राशन आटा, चावल, दाल, चीनी, नमक आदि वितरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का संकल्प है कि कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी में संकट का सामना कर रहे किसी भी परिवार को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा। इस संकल्प को पूरा करने के लिए संस्था दिन रात पूरी निष्ठा व कर्तव्य भावना से कार्य कर रही है। राजीव शर्मा गौड़ ने कहा कि यह समय संकटों से भरा हुआ है। मानव सहयोग में मिलजुल कर ही प्रयास किए जाने चाहिए। धर्मनगरी की मानमर्यादाओं का ध्यान रखते हुए मनुष्य कल्याण में जो योगदान दिया जा रहा है।

वह हमेशा ही समाज को प्रेरणा देता रहेगा। लाॅकडाउन के कारण आम जनमानस को अनेकों दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन संस्थाओं के सहयोग से जनमानस की समस्याएं भी हल हो रही हैं। निस्वार्थ सेवा भाव से इस संकट में सभी को अपना योगदान देना चाहिए। संस्था के महासचिव डा.हरीश चैहान ने कहा कि अपने लोग जरूरतमंदों की सेवा में सदैव तत्पर हैं। संस्था के माध्यम से कच्चा राशन वितरित कर जरूरतमंदों की भूख मिटाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पुनीत कार्य में सुधीर शर्मा, सुमित तिवारी आदि भी सहयोग कर रहे हैं। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *