जमीन विवाद बना खून की वजह: रवि चौहान हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Crime
Spread the love

तनवीर

रवि चौहान हत्याकांड के मास्टरमाइंड को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जमीनी विवाद में डेढ़ लाख रूपए की सुपारी देकर करायी थी हत्या

हरिद्वार, 3 मई। रवि चौहान हत्याकांड के मास्टरमाइंड पंकज शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जमीन के विवाद में अपने भांजे के साथ मिलकर 1.50 लाख रुपये की सुपारी देकर रिश्ते में चाचा लगने वाले रवि चौहान की हत्या कराई थी। सुपारी लेकर हत्या करने वाले दानिश और नदीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

17 अप्रैल को ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सीतापुर निवासी मृतक रवि चौहान की पत्नी दिव्या चौहान ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी थी। 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव पथरी पावर हाउस से बरामद हुआ था। जांच में हत्या का खुलासा होने पर गुमशुदगी को हत्या में तरमीम करते हुए विवेचना एसएसआई हर्ष अरोड़ा को सौंपी गयी थी। पुलिस जांच में मृतक रवि चौहान का पंकज शर्मा से जमीन को लेकर विवाद होने की बात सामने आयी थी। जिसमें पंकज ने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर रवि चौहान को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और ज्वालापुर निवासी दानिश अली और नदीम को 1.50 लाख रुपये की सुपारी दी गई।

सुपारी लेकर दानिश और नदीम ने रवि चौहान की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों शूटरों को 23 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पंकज शर्मा फरार हो गया था। फरार चल रहे पंकज शर्मा की तलाश में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे कोर्ट चौक रोशनाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पंकज ने कबूल किया कि उसने हत्या से पहले 40 हजार और काम होने के बाद 1.10 लाख रुपये नगद दानिश-नदीम को दिए थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया और दूसरे आरोपी पंकज शर्मा के भांजे गौतम की तलाश में जुट गयी है।

Leave a Reply