श्रद्धा व उल्लास के साथ मनायी गयी महाशिवरात्रि

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 1 मार्च। महाशिवरात्रि का पर्व धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालु भक्तों ने विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। दक्ष महादेव मंदिर, बिल्केश्वर मंदिर, नीलेश्वर महादेव, तिल भांडेश्वर, दरिद्र भंजन, दुख भंजन आदि पौराणिक मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सवेरे से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रही।

इसके अलावा मौहल्लों व कालोनियों में स्थित मंदिरों में भी शिवभक्तों ने भोलेबाबा का जलाभिषेक किया। भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद, भांग, धतूरा आदि से सदाशिव का अभिषेक कर परिवारों के लिए मंगलकामना की। बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने भी विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया।

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर शिवालयों पर आकर्षक सजावट की गयी थी। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गयी थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दौरा कर मंदिरों पर की गयी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *