अमरीश/तनवीर
हरिद्वार, 12 नवंबर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को चरस व गांजे सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चमगादड़ टापू क्षेत्र में एक पुरूष व एक महिला द्वारा चरस गांजा आदि बेचे जाने की मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अरविन्द रतूड़ी महिला कांस्टेबल सहित पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मौके पर छापामारी कर आरोपी संजय चौहान व महिला को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में संजय चौहान के कब्जे से 509 ग्राम चरस तथा आरोपी महिला के कब्जे से 1 किलो 226 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसकी बाजार में कीमत लगभग दो लाख रूपए है। दोनों के पास से एक इलेक्ट्रोनिक तराजू भी बरामद हुई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी संजय चौहान मूलरूप से लकसर क्षेत्र का रहने वाला है। जबकि महिला मूलरूप से सरोजनी नगर लखनऊ की निवासी है।
दोनों पति पत्नि के रूप में सर्वानन्द घाट क्षेत्र में झुग्गी बनाकर रहते हैं तथा रिक्शा, आॅटो वालों व बाहर से आने वाले यात्रियों को चरस व गांजा बेचते हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही नगर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को 5 किलो से अधिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।