मानव सेवा करना सभी का कर्तव्य-श्रीमहंत विनोद गिरी

Haridwar News Uttarakhand
Spread the love

विक्की सैनी

हरिद्वार, 6 अप्रैल। बाबा अमीर गिरी धाम में कोरोना वायरस की महामारी से परेशान गरीब असहाय सैकड़ों परिवारों को आटा, चावल, आलू, तेल आदि वितरित किया गया। इस अवसर पर जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीमहंत विनोद गिरी महाराज ने कहा कि वैश्विक महामारी से देश दुनिया परेशान है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों को सहायता पहुंचाने का अच्छा मौका है। ऐसे में सभी को कर्तव्य निष्ठा से आगे आते हुए असहाय गरीब निर्धन बेसहारा परिवारों की जरूरतों को पूरा करने की आवश्यकता है। श्रमिक वर्ग लाॅकडाउन के कारण आर्थिक मानसिक परेशानियों से जूझ रहा है। लाॅकडाउन के चलते श्रमिक वर्ग अपना काम धंधा भी नहीं कर पा रहा है।

हाथ ठेली फड़ व छोटे स्तर पर रोजगार करने वालों का रोजगार पूरी तरह से बंद है। ऐसे परिवारों को चिन्हित कर रोजमर्रा की खाद्य सामग्री की आपूर्ति को पूरा करने की आवश्यकता है। संत समाज लगातार शासन प्रशासन के माध्यम से भी जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री भेज रहा है। श्रीमहंत विनोद गिरी महाराज ने कहा कि मजदूर वर्ग हताशा की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में मदद करने की जरूरत है। सैकड़ों परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की गयी। आगे भी इस तरह का अभियान भूपतवाला क्षेत्र में जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से भी अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक ही आवश्यक सामग्री बिना भेदभाव के पहुंचायी जाए। जिससे उन परिवारों की आर्थिक स्थिति ठीक हो सके। निस्वार्थ सेवाभाव के लिए संपन्न परिवारों को आगे आने की आवश्यकता है। एकजुटता से ही कोरोना को देश से भगाया जा सकता है। लाॅकडाउन का पालन सभी को तरीके बद्ध करना चाहिए। कोरोना वायरस महामारी का रूप ना ले इसको लेकर सरकार को भी गंभीरता से कार्य करने चाहिए। ग्राम प्रधान पति मनोज जखमोला ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पीड़ितों को मदद पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

राहत धनराशि भी जरूरतमंदों को सौंपी जा रही है। खाद्य सामग्री लगातार संत समाज के अलावा अनेकों सामाजिक संगठनों द्वारा भी सौंपी जा रही है। प्रत्येक नागरिक सेवाभाव से ही अपने कार्यो को अंजाम दे रहा है। कोरोना वायरस को जागरूकता से ही दूर भगाया जा सकता है। घरों में रहकर ही सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करना चाहिए। श्रीमहंत विनोद गिरी महाराज के माध्यम से गरीब असहाय निर्धन परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है। इस पुण्य कार्य में सभी को अपना योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर खाद्य सामग्री वितरित करने वालों में शिवानी भट्ट, अनिल जोशी, मनोज शर्मा, धर्मेन्द्र मोहन, सुनील जुगलान, मांगेराम पाल, राजीव शर्मा, अनिता गुप्ता, विशांत गुप्ता आदि शामिल रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *