तनवीर
हरिद्वार, 15 जून। राष्ट्रीय सावक मंच हरिद्वार के नगर अध्यक्ष रोहित पेवल एवं नगर उपाध्यक्ष मंगल वर्मा ने हरकी पैड़ी एवं विभिन्न घाटों पर शाम के समय लगने वाले असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर रोक लगाने की मांग की है। नगर उपाध्यक्ष मंगल वर्मा ने कहा कि शाम होते ही घाटों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। असामाजिक तत्व घाटों पर नशा करने के साथ यात्री श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता करते हैं। यात्रीयों के साथ मार पिटाई की घटनाएं भी हो रही है। पुलिस प्रशासन को तत्काल असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि घाटों पर भिखारियों की बढ़ती संख्या के कारण अव्यवस्थाएं फैल रही हैं। भिखारी यात्रीयों के साथ अभद्रता करते हैं और सामान आदि भी चोरी कर लेते हैं। प्रशासन को घाटों से भिखारियों को हटाना चाहिए। मंगल वर्मा ने कहा कि गंगा की स्वच्छता, निर्मलता को लेकर सावक मंच प्रयास कर रहा है। गंगा घाटों पर बाहर से आने वाले यात्रीयों को भी गंगा घाटों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया जा रहा है। घाटों पर पाॅलीथीन आदि का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। सावक मंच नियमित रूप से गंगा के प्रति जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा।