सात वर्ष के कार्यकाल में भी जनता से किए वादों को पूरा नहीं कर पायी मोदी सरकार-आलोक शर्मा

Politics
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 14 दिसम्बर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि 16 दिसम्बर को देहरादून में होने वाली कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली में हरिद्वार जनपद से लाखों कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली को सफल बनाने के लिए भीमगोड़ा स्थित श्री जयराम आश्रम में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की डबल इंजन सरकार की नीतियों से जनता परेशान है।

लोग बदलाव चाहते हैं तथा कांग्रेस की और से उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं। 16 दिसम्बर को होने वाली राहुल गांधी की रैली उत्तराखण्ड की राजनीति को नयी दिशा प्रदान करेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार प्रत्येक मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश के युवा रोजगार की तलाश में पलायन करने को मजबूर हैं।

आसमान छू रही महंगाई से गरीब, मध्यम वर्ग का जीवन बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय विधायक भी बीस वर्ष के कार्यकाल में शहर का विकास करने में पूरी तरह विफल रहे हैं। 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने महंगाई खत्म करने व युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन सात वर्ष बीतने के बाद भी मोदी सरकार जनता से किए वादों को पूरा नहीं कर पायी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता के मुद्दों को लेकर मोदी सरकार से प्रत्येक स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं।

देहरादून में होने वाली राहुल गांधी की रैली को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। रैली को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। हरिद्वार से लाखों की संख्या में कार्यकर्ता रैली में सम्मिलित होंगे। प्रदेश महासचिव डा.संजय पालीवाल ने कहा कि राहुल गांधी की रैली उत्तराखण्ड की राजनीति में एक नया अध्याय अंकित करने जा रही है। पूरे प्रदेश से लाखों की संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेगे।

यूथ कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष रवीश भटीजा ने कहा कि युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे राहुल गांधी की रैली को युवा वर्ग में बेहद उत्साह है। हरिद्वार से हजारों की तादाद में युवा रैली में सम्मिलित होंगे। इस दौरान नीलेश खंडेलवाल, राजकुमार गोपालिया, यूथ कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष रवीश भटीजा, राजीव चैधरी, डा.दिनेश पुंडीर, पंकज अग्रवाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *