हरिद्वार, 17 सितम्बर। नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने मेला अधिकारी सोनिका के साथ नगर पालिका क्षेत्र एवं निकटवर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, सड़क, संपर्क मार्ग एवं अतिक्रमण से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने टिहरी विस्थापित कॉलोनी में निर्माणाधीन पुल के कारण स्थानीय लोगों को हो रही आवागमन समस्या के निराकरण के लिए लोनिवि के अधिशासी अभियंता को पुल की एप्रोच रोड के डिजाइन में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बागेश्वर धाम (बागों वाले देवता) तक मुख्य मार्ग से संपर्क मार्ग बनाए जाने का सुझाव भी दिया। सुझाव को मेला अधिकारी ने स्वीकृति प्रदान की।
शिवालिक नगर में मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण के साथ सफेद पट्टी डलवाने, अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने, श्याम चिन्ह तिराहे का पुनर्निर्माण कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा अटल वाटिका से गंगा नगरी तक सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधा एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस अवसर पर एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


