निर्मल अखाड़े ने किया भूमाफिया को संरक्षण देने वाले संतों का बहिष्कार का ऐलान

Haridwar News Uttarakhand
Spread the love

विक्की सैनी

अखाड़े की संपत्ति कब्जाने के प्रयासों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा-महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री

हरिद्वार, 12 मार्च। श्री पंचायत अखाड़ा निर्मल के सचिव व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री व अखाड़े के सभी संतों ने अखाड़े के खातों के संचालन पर रोक लगाए जाने संबंधी खबरों को भ्रामक करार दिया है। कनखल स्थित अखाड़े मंे पत्रकारों से वार्ता करते हुए महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री ने कहा कि अखाड़े के खातों के संचालन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। अखाड़े की संपत्ति को कब्जाने के प्रयासों में लगे भूमाफिया भ्रम फैलाने के लिए झूठा प्रचार कर रहे हैं। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमाफिया को संरक्षण दे रहे संतों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ऐसे संतों से अखाड़ा अब किसी प्रकार का कोई व्यवहार नहीं रखेगा। उन्होंने अन्य सभी अखाड़ों व आश्रमों से भी ऐसे संतों का बहिष्कार करने की अपील की है।

महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी व महामंत्री हरिगिरी को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया था। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद पूर्व में ही ऐसे संतों के बहिष्कार का फैसला कर चुका है। लेकिन आश्रम के संतों द्वारा बहिष्कार वापस लिए जाने की अपील के बाद कुछ ढिलाई दी गयी थी। लेकिन अब फिर से श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल की संपत्ति कब्जाने का प्रयास कर रहे लोगों का साथ देने को देखते हुए पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग संत का वेश धारण कर अखाड़े की संपत्तियों को कब्जाने के प्रयास में लगे हैं। जिसे कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज ने कहा कि निर्मल अखाड़े की छवि को बार बार धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

कुछ संतों द्वारा सुनियोजित तरीके से योजना बनाकर बार बार अखाड़े की संपत्ति को कब्जाने का प्रयास पूर्व में भी किया गया है। अखाड़े की एक्कड़ कलां शाखा पर भी षड़यंत्र पूर्वक कब्जा कर लिया गया था। जिसे अखाड़ा परिषद व संत समाज के सहयोग से हटाया गया। महंत अमनदीप सिंह महाराज ने कहा कि कुछ भूमाफिया संत का वेश धारण कर अनैतिक तरीके से अखाड़े की संपत्ति पर कब्जा करना चाह रहे हैं। उनके प्रयास को पूर्व में भी नाकाम किया जा चुका है। अखाड़े की संपत्ति का खुर्दबुर्द नहीं करने दिया जाएगा। निर्मल अखाड़ा वर्ष भर धार्मिक क्रियाकलापों के साथ साथ देश दुनिया में सनातन परंपराओं का प्रचार प्रसार करता चला आ रहा है। लेकिन कुछ भूमाफिया निर्मल अखाड़े की छवि को खराब करने की नीयत से इस तरह के प्रपंच रच रहे हैं। अखाड़े की मान मर्यादाओं को लेकर पूर्व में भी संत वेशधारी लोगों पर कानूनी कार्रवाई के अलावा संत जगत में उनका बहिष्कार जैसे निर्णय लिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि संत के रूप में आने वाले लोग वास्तव में संत नहीं गृहस्थ हैं। लोगों के सामने संत के वेश में आने वाले लोग बाद में गृहस्थों के वस्त्र पहन कर बाजारों में घूमते देखे जा सके हैं। संत का वेश धारण कर धार्मिक संपत्तियों पर कब्जा करने वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान महंत खेमसिंह, महंत हरभजन सिंह, महंत आशाराम, संत सुखमन सिंह, संत संदीप सिंह, संत निर्मल सिंह, संत रोहित सिंह, संत जसकरन सिंह, संत तलविन्दर सिंह आदि भी मौजूद रहे।

—————————- 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *