बौद्धिक क्षमताओं के विस्तार के लिए करें किताबों का अध्ययन-अशोक अग्रवाल
हरिद्वार, 16 सितम्बर। मुख्य पुष्कर सिंह धामी के जन्म दिवस के अवसर पर श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भला इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं को ज्ञान विज्ञान की पुस्तकें वितरित की। श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार के संस्थापक अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल एवं डा.अजय अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही ज्ञान का विस्तार करती है और पुस्तकें छात्रों के जीवन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बौद्धिक क्षमताओं के विस्तार के लिए ज्ञान विज्ञान की पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को शिक्षा के समान अवसर मिलने चाहिए। शिक्षित समाज ही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्कूल कालेज के माध्यम से बच्चे शिक्षा प्राप्त कर देश की तरक्की में योगदान देते हैं। अशोक अग्रवाल ने कहा कि किताबें चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महावीर मित्तल एवं विनीत अग्रवाल ने कहा कि अच्छी शिक्षा प्राप्त कर युवा पीढ़ी वैज्ञानिक, डाक्टर, इंजीनियर बनकर देश की सेवा में योगदान दें। प्रधानाचार्य त्रिलोकचंद ने वैश्य समाज के प्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया। इस दौरान विद्यालय के वरिष्ठ लिपिक दीपक कुमार, अनुपम अग्रवाल, कमल सिंह, सचिन कुमार, बालमुकुंद आदि मौजूद रहे।


