धर्म और अध्यात्म की चेतना से ही जीवन बेहतर हो सकता है-कुमार विश्वास
हरिद्वार, 23 मई। श्रीगंगा सभा के संयोजन में हरकी पैड़ी के मालवीय घाट पर आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन प्रख्यात कवि और कथावाचक कुमार विश्वास, राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि भी कथा में शामिल और व्यास गदद्ी का पूजन कर आर्शीवाद प्राप्त किया।
कुमार विश्वास ने कथा आयोजन के लिए श्रीगंगा सभा का आभार जताते हुए कहा कि अगर अंदर और बाहर दोनो जगह उजाला चाहते हो तो धर्म के रास्ते पर चलना होगा। धर्म और अध्यात्म की चेतना से ही जीवन बेहतर हो सकता है। श्रीगंगा सभा महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने कथा आयोजन को सनातन संस्कृति के लिए जरूरी बताते हुए सभी के कल्याण की कामना की।
कथाव्यास मन्माध्व गौडेश्वर वैष्णवाचार्य पुण्डरीक गोस्वामी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोपी प्रेम और भक्तों के प्रति उनकी करुणा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार की ओर ले जाने वाला दिव्य मार्ग है। पूतना वध, कालिया नाग दमन और गोवर्धन लीला का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि भगवान सदैव अपने भक्तों की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतरित होकर धर्म की स्थापना करते हैं।
श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण करने मात्र से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होते हैं और मन में सकारात्मकता का संचार होता है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से जीवन में संस्कार, सेवा और सत्संग को अपनाने का आह्वान किया। कथा श्रवण करने वालों में श्रीगंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम, उपाध्यक्ष हनुमंत झा, स्वागत मंत्री सिद्वार्थ चक्रपाणि, समाज कल्याण मंत्री विकास प्रधान, उज्जवल पण्डित, प्रचार मंत्री गोपाल प्रधान के अलावा श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्वालु मौजूद रहे।


