नकली नोटों के साथ पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार , 84,500 रूपए के नकली नोट बरामद

Crime
Spread the love


पंजाब के गुरदास के रहने वाले हैं आरोपी
20 हजार में खरीदे थे 1 लाख के जाली नोट

हरिद्वार, 6 जुलाई। नगर कोतवाली पुलिस ने नकली नोटों के साथ चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले आरोपियों के कब्जे से 84,500 रूपए के नकली नोट बरामद हुए हैं। आरोपियों ने बीस हजार रूपए देकर एक लाख रूपए के नकली नोट खरीदे थे और उन्हें चलाने के लिए हरिद्वार आए थे। चार आरोपियों को दबोचने के साथ पुलिस मेन सप्लायर की तलाश में जुट गयी है।

नकली नोटों की बरामदगी को लेकर केन्द्रीय एजेंसियों के भी कान खड़े हो गए हैं और गोपनीय रूप से पड़ताल में जुट गयी हैं। रविवार की रात पुलिस टीम मेला अस्पताल की तरफ चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान चार संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो चारों वापस भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए हिल बाईपास पर उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 500-500 रुपये के 169 जाली नोट बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों सरजीत सिंह पुत्र करनाल सिंह व टिंकू पुत्र सरजीत सिंह निवासी गीता दावा थाना गुरदासपुर सिटी पंजाब, सुमित कुमार पुत्र संजीव कुमार एवं संदीप कुमार पुत्र रघुवीर सिंह निवासी अरोडी मौहल्ला थाना गुरदासपुर सिटी ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर पंजाब के ही रहने वाले एक व्यक्ति से कुछ दिन पहले 20,000 रुपये देकर 500-500 रुपये के 200 नकली नोटों के रूप में एक लाख रुपये खरीदे थे। नकली नोटों को असल रुप में इस्तेमाल करने के लिए हरिद्वार और कुछ नकली नोटों को बाजार में चला भी चुके हैं।

आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज किया गया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर नकली नोटों के सिंडिकेट के पर्दाफाश एवं प्रकाश में आए सप्लायर को गिरफ्तार करने विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस टीम में कुन्दन सिंह राणा, एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट, एसआई संजीत कंडारी, एसआई ऋषिकांत पटवाल, एसआई नवीन नेगी, एसआई नवीन चौहान, एसआई राधाकृष्ण रतूड़ी, कांस्टेबल विनोद कुमार, सचिन सिंह, सचिन पाण्डेय, नवीन जोशी शामिल रहे।

Leave a Reply