बहादराबाद में नशेड़ियों पर पुलिस का एक्शन: खुलेआम जाम छलकाने वाले 14 लोग गिरफ्तार, 3 वाहन सीज”

Crime
Spread the love

तनवीर
हरिद्वार, 4 मई। सार्वजनिक स्थानों व ढाबों में बैठकर जाम छलकाने पर कार्यवाई करते हुए बहादराबाद पुलिस ने 14 नशेड़ियों को दबोच लिया। साथ ही तीन वाहन सीज कर दिए। पुलिस ने खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी के निर्देश पर पुलिस सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों एवं सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

इसी क्रम में बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने बेगमपुर इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में शराब के नशे में राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतों पर विशेष अभियान चलाते हुए दुकानों और सड़कों के किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे 14 लोगों को हिरासत में लेकर 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान की कार्रवाई करते हुए 7 हजार रूपए जुर्माना वसूल किया। इस दौरान तीन वाहन भी सीज कर दिए गए।