राकेश वालिया
संत महापुरूषों का लगातार पूर्ण सहयोग मिल रहा है-मदन कौशिक
हरिद्वार, 4 अप्रैल। जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर तथा तुलसी मानस मंदिर के परमाध्यक्ष स्वामी अर्जुन पुरी महाराज ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के माध्यम कोरोना संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में सवा लाख रूपए का चेक भेंट किया है। इस दौरान म.म.स्वामी अर्जुन पुरी महाराज ने कहा कि कोरोना वायरस अत्यंत गम्भीर है। वायरस का प्रसार रोकने के लिए सरकार ने लाॅकडाउन किया है। जिसके कारण भारत पूर्णतः बंद है। कोरोना के विरुद्ध भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समस्त राज्यों के मुख्यमंत्री, देश के सभी चिकित्सक, पुलिसकर्मी सहित अनेक लोग लड़ रहे हैं और पीड़ितों की सेवा कर रहे हैं। कोरोना वायरस के सामने दुनिया के तमाम समृद्ध देश भी लाचार हो गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी निर्णयों के कारण भारत में यह रोग ज्यादा नहीं फैल है। लाॅकडाउन की वजह से दैनिक मजदूर वर्ग को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गरीबों की मदद व कोरोना प्रभावितों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में मदद कर सभी को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में योगदान करना चाहिए। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि किसी भी संकट में संत समाज प्रभावितों की मदद के लिए हमेशा ही आगे रहा है।
कोरोना वायरस की वजह से उत्पन्न हुए संकट में भी संत समाज लगातार सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश को कोरोना से बचाने के लिए लाॅकडाउन किया गया है। सभी घर में रहकर लाॅकडाउन को सफल बनाने में सहयोग करें। अपने क्षमता के अनुसार प्रधानमंत्री राहत कोष, मुख्य मंत्री राहत कोष में अपना सहयोग दें तथा दूसरों को भी सहयोग देने के लिए प्रेरित करें। अपने आस पास सफाई रखें। अति आवश्यकता पर ही घर से बाहर निकलें। निश्चित दूरी बनाये रखें। सभी के सहयोग से कोरोना का रोग जल्द समाप्त होगा। इस दौरान पार्षद अनिरूद्ध भाटी, अनिल मिश्रा, पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।


