अमरीश
हरिद्वार, 18 जुलाई। सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र तेश्वर व संगठन महामंत्री राजेंद्र श्रमिक ने कहा है कि पिछले चार सालों में प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण मित्रों की महत्वपूर्ण मांगो को लेकर कोई गम्भीरता नही दिखाई हैं। सरकार का रवैया हमेशा टालमटोल वाला रहा है। जिससे प्रदेश के विभिन्न निकायों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों के सब्र का बांध अब टूट गया है। उन्होंने कहा कि ज्ञात हुआ है कि प्रदेश के शहरी विकास मंत्री ने प्रदेश के सफाई संगठनों के मोर्चे की बैठक देहरादून में बुलाई है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस भी मोर्चे का घटक है।
संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों से विचार विमर्श के बाद निर्णय लिया गया है कि 20 व 21 जुलाई को होने वाली बैठक में कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आए तो अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस आंदोलित कर्मचारियों के समर्थन में आंदोलन करेगा। प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र तेश्वर व संगठन महामंत्री राजेंद्र श्रमिक ने संगठन के सभी पदाधिकारियों से अपील की है कि सरकार व मोर्चा प्रतिनिधियों के बीच होने वाली वार्ता का इंतजार करें। वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं निकलने पर 21 जुलाई के बाद संघर्ष के लिए तैयार रहें।