हरिद्वार, 7 अक्टूबर। काशीपुर में 10 व 11 अक्टूबर को मिक्स मार्शल आर्ट नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश भर से चयनित किए गए लगभग दौ सौ खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में हरिद्वार के आशिहारा मिक्स मार्शल आर्ट एसोसिएशन के दक्ष शर्मा, कुलश्रेष्ठ, मोलिक, हर्षित, पाली, सालिक भी भाग लेंगे। आशिहारा के चीफ अमित कुमार चौधरी ने बताया कि सभी खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण के आधार पर हुआ है।
उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत एवं नियमित प्रशिक्षण प्राप्त किया है और प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। अमित कुमार चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से हरिद्वार एवं उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आशिहारा मिक्स मार्शल आर्ट एसोसिएशन का उद्देश्य युवाओं को मार्शल आर्ट, मिक्स मार्शल आर्ट, आत्मरक्षा, अनुशासन एवं खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।




