संत समाज ने दी ब्रह्मलीन उषा माता एवं ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज को श्रद्धांजलि

Dharm
Spread the love

राकेश वालिया


सेवा का प्रमुख केंद्र है जय मां मिशन-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 2 मई। श्रवणनाथ स्थित जय मां आश्रम में ब्रह्मलीन चक्रवर्ती महामंडलेश्वर स्वामी उषा माता महाराज एवं उनके शिष्य ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी महादेव महाराज की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गयी। इस दौरान सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूषों ने ब्रह्मलीन स्वामी उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए और सभी से उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए मानव सेवा में योगदान करने का आह्वान किया। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन उषा माता महाराज संत समाज की महान विभूति थी।

उनके द्वारा देश भर में स्थापित की गयी जय मां मिशन की शाखाएं सेवा का प्रमुख केंद्र हैं। ब्रह्मलीन महादेव महाराज ने अपनी गुरू उषा माता महाराज द्वारा स्थापित सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मानव कल्याण और धर्म प्रचार में जो योगदान किया। उससे सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरी एवं महंत जसविन्दर सिंह महाराज ने कहा कि योग्य शिष्य की गुरू की कीर्ति को बढ़ाते हैं। ब्रह्मलीन स्वामी महादेव महाराज ने अपनी गुरू ब्रह्मलीन उषा माता महाराज की कीर्ति को जिस प्रकार बढ़ाया है। वह सभी के लिए अनुकरणीय है। स्वामी आदियोगी महाराज एवं बाबा बलराम दास हठयोगी ने कहा कि महान आत्माएं केवल शरीर त्यागती हैं। लेकिन उनकी आत्मा सदैव लोककल्याण के लिए समर्पित रहती है।

ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन महादेव महाराज के विचार और शिक्षाएं सदैव समाज को सेवा की प्रेरणा देती रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा कि संतों का जीवन परमार्थ के लिए होता है। अपना पूरा जीवन दीन दुखियों की सेवा को समर्पित करने वाली ब्रहमलीन उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन महादेव महाराज के विचारों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जय मां मिशन की अध्यक्ष साध्वी शरण ज्योति मां एवं साध्वी जीवन ज्योति मां ने सभी संत महापुरूषों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संत समाज के सहयोग व आशीर्वाद से ब्रह्मलीन उषा महाराज एवं ब्रह्मलीन महादेव महाराज के अधूरे कार्यो को पूरा किया जाएगा।

साध्वी जीवन ज्योति मां, साध्वी पूजा ज्योति मां, साध्वी शीतल ज्योति मां, शरद ज्योति मां, परम ज्योति मां, दिव्य ज्योति मां, अरूण ज्योति मां, प्रकाश ज्योति मां ने सभी संतों व श्रद्धालुओं का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बाबा बलराम दास हठयोगी, स्वामी हरिहरानंद, स्वामी रविदेव शास्त्री, महंत गोविंददास, स्वामी नागेंद्र ब्रह्मचारी, मुख्य जजमान संदीप गुप्ता, जगदीश चावला, अवस्थी परिवार, राजकमल, बीना शर्मा, मोनिका छाबड़ा, नीरू जग्गी, अतुल त्यागी, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *