एसएसपी ने दी खिलाड़ियों को बधाई
हरिद्वार, 24 अगस्त। उधम सिंह नगर में 17 से 19 अगस्त तक आयोजित की गयी 24वीं प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय वाहिनी पुलिस बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग व आर्म कुश्ती प्रतियोगिता में हरिद्वार पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते कुश्ती में दूसरा व आर्म कुश्ती में तीसरा स्थान हासिल किया है। कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 56 किलो भार वर्ग में महिला कुश्ती, आर्म रेस्लिंग और बॉडी बिल्डिंग मुकाबलों में प्रथम स्थान हासिल किया।
कांस्टेबल कविता बुटोला ने 68 किलो भार वर्ग कुश्ती में प्रथम, आर्म रेस्लिंग में 70 किलो से अधिक भार वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कांस्टेबल भारती रावत ने महिला कुश्ती और आर्म रेस्लिंग में 70 किलो भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कांस्टेबल रजनी बिष्ट ने 76 किलो भार वर्ग महिला कुश्ती में प्रथम और 76 किलो से अधिक भार वर्ग आर्म रेस्लिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है।
सभी विेजेता खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी नवनीत सिंह से मुलाकात की। एसएसपी ने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन की बधाई देते हुए प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तैयारी के लिए टीम के सदस्यों को जरूरी संसाधन मुहैया कराने के निर्देश दिए।


