विडियो :-उत्तराखण्ड पत्रकार संघ एवं जिला प्रैस क्लब ने किया फूलों की होली का आयोजन

Haridwar News
Spread the love

नितिन शर्मा


होली खुशियों व बुराई पर सच्चाई की जीत का त्योहार है-प्रेमचंद्र अग्रवाल
जीवन को नई प्रेरणा देते हैं होली के रंग-श्रीमहंत रविन्द्रपुरी
होली के उल्लास में रंगे संत व नेता जमकर झूमे
हरिद्वार, 5 मार्च। उत्तराखण्ड पत्रकार संघ एवं जिला प्रेस क्लब रजि. हरिद्वार की और से रविवार को ज्वालापुर स्थित होटल क्लासिक रेजीडेंसी में फूलों की होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संत समाज, राजनेताओं, पत्रकारों व उपस्थित अतिथीयों ने एक दूसरे संग फूलों से जमकर होली खेली।

कार्यक्रम का शुभारंभ परमार्थ निकेतन स्वर्ग आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी, यूपी के पूर्व मंत्री डीपी यादव, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत, महंत गर्व गिरी, स्वामी नागेंद्र ब्रह्मचारी व उत्तराखण्ड पत्रकार संघ एवं जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया ने देवी सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

शांतिकुंज के भजन गायकों ने भजन प्रस्तुत किए व कौशिक आर्ट ग्रुप के बाल कलाकारों ने होली पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन कवि रमेश रमन व वरिष्ठ पत्रकार मनोज सैनी ने किया। मुख्य अतिथी शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली खुशियों व बुराई पर सच्चाई की जीत का त्योहार है। उन्होंने कहा कि रंगों का त्योहार होली ऐसा पावन पर्व जो हमें एक दूसरे से दिलों से जोड़ता है।

अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि रंगों, उमंगों व उल्लास का प्रतीक होली जीवन को नई प्रेरणा देती है। फाल्गुन के उल्लास भरे मौसम में मनायी जाने वाली होली पूरे देश को जोड़ती है। रंगों के इस पर्व के उल्लास में सभी एक हो जाते हैं। सभी को होली के अवसर पर समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर करने का संकल्प लेना चाहिए। स्वामी चिदानंद मुनि महाराज ने कहा कि होली दिलों को जोड़ने वाला पर्व है। एक दूसरे से गले मिलकर होली मनाएं और इस पावन त्यौहार की पवित्रता को और बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि भारत भगवान राम, भगवान कृष्ण सहित महापुरुषों का देश है।

यहां कदम-कदम पर धर्म की गाथाये लिखी गई है। देश में मनाए जाने वाले विभिन्न त्यौहार भारत की संस्कृति को प्रदर्शित करते हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविद्रपुरी महाराज ने कहा कि होली पर सभी गिले शिकवे दूर कर एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए। होली भाईचारे व खुशियों का त्योहार है। एक दूसरे से मतभेद भुलाकर खुले दिल से होली मनाएं। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी एवं कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज ने कहा कि भारत सनातन परंपराओं वाला देश है

सनातन संस्कृति के प्रतीक होली महापर्व में खेले जाने वाले रंग मन के मैल को धो डालते हैं। उन्होंने कहा कि होलिका दहन में सभी बुराइयां भी जलकर खाक हो जाती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व यूपी के पूर्व मंत्री डीपी यादव ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली एक ऐसा रंगबिरंगा त्योहार है, जिसे हर धर्म के लोग पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं। प्यार भरे रंगों से सजा यह पर्व धर्म, संप्रदाय, जाति के बंधन खोलकर भाईचारे का संदेश देता है।

उत्तराखण्ड पत्रकार संघ व जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया व महामंत्री सारिका प्रधान ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपसी प्रेम और सद्भावना की भावना को मजबूत करने वाला होली पर्व जीवन में उत्साह, उल्लास और उमंग पैदा कर आगे बढ़ने का संदेश देता है। उत्तराखण्ड पत्रकार संघ एवं जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने सभी अतिथीयों का फूलमाला पहनाकर व चंदन का टीका लगाकर स्वागत किया।

अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने शानदार प्रस्तुति देने वाले कौशिक आर्ट गु्रप के कलाकारों को इक्यावन सौ रूपए का नकद पुरूस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्द्धन किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत व हरिद्वार विधायक मदन कौशिक के बीच एक दूसरे की राजनीतिक स्थिति को लेकर हुए हास परिहास पर लोगों ने खूब ठहाके लगाए।

इस अवसर पर मेयर अनिता शर्मा, विधायक मदन कौशिक, अशोक शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष संजय चोपड़ा, समाजसेवी डा.विशाल गर्ग, पंडित अधीर कौशिक, अनिल खुराना, अंजलि महेश्वरी, संतोष चैहान, महंत रघुवीर दास, महंत प्रबोधानंद गिरी, महंत सूरजदास, महंत गर्व गिरी, प्रदेश महामंत्री सारिका प्रधान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप वालिया, संगठन मंत्री रूद्र वालिया, उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, प्रदेश सचिव हिमांशु वालिया, प्रचार मंत्री नितिन शर्मा, आशा वालिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज कश्यप, सनोज कश्यप, हिमांशु वालिया, कुलदीप वालिया, रजनी वालिया, रक्षित वालिया, अमित वालिया, अमरीश कुमार, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *