गौरव रसिक
हरिद्वार, 23 नवंबर। राष्ट्रीय मानव अधिकार एवं अपराध मुक्त भारत निर्माण ट्रस्ट के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार मुखर्जी ने प्रैस को जारी बयान में कहा है कि एक तरफ कोरोनावायरस से लोग सहमे हुए हैं। वहीं ज्वालापुर के वार्ड 46 में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। वार्ड के गुघाल क्षेत्र में नालियों की सफाई तक नहीं हो पा रही है। नियमित रूप से सफाई नहीं होने से ओवरफ्लो होने पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। गलियों से कूड़ा भी समय से नहीं उठ पाता है।
नालियों की सफाई नहीं होने से उनमें मक्खी, मच्छर पनप रहे हैं। जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी बनी हुई है। राजकुमार मुखर्जी ने कहा कि क्षेत्रीय पार्षद को कई बार अवगत कराया गया। लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र से जुड़ने वाले दोनों पार्षद इलाके को दूसरे का बताकर समस्या से पल्ला झाड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेयर पति, नगर निगम के अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया गया। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो नगर निगम कार्यालय का घेराव कर धरना दिया जाएगा।े