भेल में शुरू हुआ कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा चरण

Haridwar News
Spread the love

राहत अंसारी

हरिद्वार, 13 मार्च। वैश्विक महामारी कोरोना के विरूद्ध निर्णायक कदम बढ़ाते हुए बीएचईएल हरिद्वार के चिकित्सा विभाग द्वारा कोविड वैक्सीनेशन के दूसरे चरण की शुरूआत की गई है। इस चरण के अंतर्गत बीएचईएल हरिद्वार के सभी सेवानिवृत कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों, सेवारत कर्मचारियों के 60 वर्ष से अधिक आयु के माता-पिता तथा 45 वर्ष से अधिक आयु के उन कर्मचारियों को शामिल किया गया है जो किसी विशेष बीमारी से पीड़ित हैं।

बीएचईएल मुख्य चिकित्सालय में आरम्भ किए गए इस वैक्सीनेशन अभियान का शुभारम्भ चिकित्सा प्रमुख डा. सुरजीत दास ने किया । अपने सम्बोधन में डा.दास ने कहा कि संयम और परस्पर सहयोग से ही हम कोरोना रूपी इस चुनौती को पार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगवाने के बावजूद भी हमें कोरोना से बचाव सम्बंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।

बीएचईएल कोविड केयर सेंटर के नोडल अधिकारी डा.आई.एम.सिंघल ने बताया कि वैक्सीनेशन योजना के प्रथम चरण में चिकित्सकों, नर्सों एवं पैरा मेडिकल स्टॉफ तथा सफाई कर्मचारियों को वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी हैं। इस अवसर पर पैरामेडिकल स्टॉफ के सदस्य एवं अनेक पूर्व कर्मचारी एवं उनके परिजन आदि उपस्थित रहे।