हरिद्वार, 26 सितम्बर। पोषण माह के अंतर्गत ग्राम चांदपुर में एंकर पैनासोनिक सीएसआर के सहयोग से रजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान द्वारा आरोग्या परियोजना के तहत चांदपुर-3 आंगनवाड़ी केंद्र में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या भी सम्मिलित हुई और आंगनबाड़ी केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं एवं परियोजना के माध्यम से किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया तथा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में संतुलित आहार, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा किशोरियों के स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं एवं किशोरियों ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया। परियोजना के अंतर्गत मोबाइल हेल्थ यूनिट, पोषण संबंधी सेवाएं एवं समुदाय आधारित स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
परियोजना के माध्यम से अब तक 1.77 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा चुकी हैं तथा 1,700 से अधिक लोगों को मोतियाबिंद/दृष्टि संबंधी सेवाओं का लाभ मिला है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, सुधा त्रिपाठी, सुलेखा सहगल, वर्षा शर्मा, जिला परियोजना अधिकारी अविनाश भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री, आरएसजीएस की टीम तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।


