मृत हथिनी की आत्मशांति के लिए किया दीपदान:-देखिए विडियो

Haridwar News
Spread the love

कमल खड़का

हरिद्वार, 4 जून। सेव एनिमल सेव हम्यूनिटी के युवाओं ने केरल में गर्भवती हथिनी की बर्बरता पूर्वक हत्या किए जाने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रेमनगर घाट पर मां गंगा में दीपदान कर हथिनी की आत्मशांति की प्रार्थना की। युवाओं ने बेजुबान जानवरों के साथ हमदर्दी रखने की अपील भी की। केरल में गर्भवती हथिनी को अनानास के अंदर पटाखे रखकर खिला कर उसकी जान लिए जाने को अत्यन्त दुखद बताते हुए संस्था के सदस्य अवनीत अरोड़ा ने कहा कि केरल की यह घटना पूरी इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है।

केरल जैसे राज्य में जहां 93 फीसदी लोग शिक्षित हैं। उसके बावजूद क्रूर इंसानों द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम दिया जाना मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य है। ऐसी घटना की जितने भी कड़े शब्दों में निंदा की जाए, उतना कम है। अवनीत अरोड़ा ने कहा कि देश भर में जानवरों के प्रति बनाए गए कानूनों का उल्लंघन करने वालों के साथ कड़ाई से पेश आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हाथी हमेशा ही इंसान का हितैषी रहा है। विशेषकर हाथी की सवारी इंसान ही करता चला आ रहा है।

भगवान गणेश के स्वरूप में घर घर पूजा अर्चना भी की जाती है। उन्होंने मांग की कि केरल सरकार को दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। करण अरोड़ा ने कहा कि बेजुबान जानवरों के साथ अमानवीय घटना पूरे देश वासियों के लिए शर्मसार करने वाली घटना है। जानवरों पर अत्याचार किसी भी सूरत में सहन नहीं किए जाएंगे। उन्होंने केरल सरकार से मांग करते हुए कहा कि वन्यजीवों के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए कार्ययोजनाएं बनायी जाएं।

दीपक टण्डन ने कहा कि बेजुबान जानवर पर अत्याचार करना मानवीय पहलुओं से खेदजनक है। सरकार को कड़े कानून बनाकर जानवरों की सुरक्षा करनी चाहिए। हाथी हमेशा ही मानव का साथी रहा है। केरल राज्य में घटी घटना की पुनर्रावृत्ति ना हो। सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए। गंगा घाट पर मृत हथिनी के लिए युवाओं ने प्रार्थनाएं करते हुए मां गंगा से जानवरों की सुरक्षा किए जाने की प्रार्थनाएं की। इस अवसर पर निखिल कुमार, श्याम पालीवाल, ऋत्विक सिंह, अमन वर्मा शिवम दुआ, यश भाटिया, प्रभजोत सिंह, हरलीन कौर, साक्षी उनियाल, दिव्या नेगी, शिवम घोष, विवेक, अंशुल, भारत कपिल, शिवम अरोड़ा, विशाल आदि शामिल रहे। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *